भारत ने खो-खो वर्ल्ड कप में पुरुष और महिला श्रेणियों में जीत हासिल की


भारत ने खो-खो वर्ल्ड कप में पुरुष और महिला श्रेणियों में जीत हासिल की

भारत की पुरुष-महिला टीमें बनीं खो-खो विश्व चैंपियन

भारत की महिला टीम ने खो-खो वर्ल्ड कप में लगातार 6 मैच जीतकर टाइटल जीता। भारत की पुरुष और महिला टीम ने खो-खो का पहला वर्ल्ड कप जीत लिया है। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इनडोर स्टेडियम में दोनों श्रेणियों के फाइनल खेले गए। महिला टीम ने नेपाल को 78-40 के बड़े अंतर से हराया, वहीं पुरुष टीम ने नेपाल को 54-36 से हराया।

खो-खो वर्ल्ड कप 13 से 19 जनवरी तक नई दिल्ली में खेला गया। भारत की दोनों टीमें टूर्नामेंट में अजेय रहीं। जबकि नेपाल की दोनों टीमों को भारत के खिलाफ ही हार का सामना करना पड़ा। चैंपियन बनने के बाद भारत की दोनों टीमों ने तिरंगे के साथ विक्ट्री लैप लगाया।

पुरुष फाइनल

पुरुष फाइनल में नेपाल ने टॉस जीतकर डिफेंस चुना। पहली पारी में भारत ने 26 पॉइंट्स हासिल किए, जबकि नेपाल को एक भी पॉइंट नहीं मिला। भारत ने नेपाल को एक बार ऑलआउट करने में भी कामयाबी पाई। पहली पारी के अंत में भारत ने 26-0 की बढ़त बनाई। दूसरी पारी में नेपाल ने चेज किया और 18 पॉइंट्स बटोरे। हाफ टाइम के बाद स्कोर 26-18 से भारत के पक्ष में रहा।

तीसरी पारी में भारत ने 28 पॉइंट्स हासिल किए, और नेपाल की टीम 4 मिनट के अंदर ही ऑलआउट हो गई। नेपाल एक भी ड्रीम रन नहीं बना सका। तीसरे टर्न के बाद भारत ने 54-18 के अंतर से बढ़त बनाए रखी। चौथे टर्न में भी नेपाल की टीम 18 ही पॉइंट्स ले सकी और भारत ने 54-36 के अंतर से वर्ल्ड कप जीत लिया।

महिला फाइनल

महिला फाइनल में नेपाल ने टॉस जीतकर डिफेंस चुना। भारत ने पहली पारी में एकतरफा दबदबा दिखाया और 34 पॉइंट्स हासिल किए। दूसरी पारी में नेपाल ने चेज किया और 24 पॉइंट्स बटोरे, इस टर्न में भारत को भी एक पॉइंट मिल गया। हाफ टाइम के बाद भारत ने 35-24 के अंतर से बढ़त बनाए रखी।

तीसरी पारी में भारत ने बढ़त का अंतर और भी ज्यादा कर लिया। टीम ने इस टर्न में 38 पॉइंट्स बटोरे और स्कोर 73-24 से अपने हक में कर लिया। चौथी और आखिरी पारी में नेपाल 16 ही पॉइंट्स बटोर पाई, जबकि भारत ने 5 पॉइंट्स हासिल किए। 78-40 की स्कोर लाइन के साथ फाइनल खत्म हुआ और भारत की महिला टीम पहले वर्ल्ड कप की चैंपियन बन गई।

महिला ग्रुप स्टेज

महिला ग्रुप में 19 टीमों ने हिस्सा लिया। भारत की महिला टीम ग्रुप-ए में ईरान, मलेशिया और साउथ कोरिया के साथ थी। टीम ने साउथ कोरिया को 176-18, ईरान को 100-16 और मलेशिया को 100-20 के बहुत बड़े अंतर से हराया। टीम ने ग्रुप स्टेज में टॉप कर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

क्वार्टर फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को 109-16 के अंतर से हराया। वहीं सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 66-16 से मुकाबला जीता। फाइनल में भी भारत की महिला टीम का दबदबा दिखा और टीम ने 78-40 के अंतर से मुकाबला जीत लिया। पूरे टूर्नामेंट में नेपाल इकलौती ऐसी टीम रही, जिसने भारत के खिलाफ हार का अंतर 50 से कम पॉइंट्स का रखा।





पत्रिका

...
Pratiyogita Nirdeshika July 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे
...
Pratiyogita Nirdeshika June 2026
और देखे
...
Books for MPPSC Exam Preparation 2026 || विभिन्न परीक्षाओं हेतु उपयोगी 12 अंक मात्र 150 में
और देखे